जंडियाला गुरु | अमृतसर अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज (एजीसी) ने रिकॉग्नाइज एफिलिएटेड स्कूल ऑफ एसोसिएशन (रासा यूके) के साथ मिलकर अमृतसर इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘पैगाम-ए-मुबारक’ इवेंट का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न स्कूलों के 200 प्रिंसिपल और 200 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया, साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उनके अलावा नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू और एजीसी के चेयरमैन एडवोकेट अमित शर्मा भी उपस्थित रहे। इस दौरान, क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्था सेंट सोल्जर एलीट कॉन्वेंट स्कूल, जंडियाला गुरु की प्रिंसिपल डॉ. अमरप्रीत कौर को ‘बेस्ट प्रिंसिपल ऑफ द ईयर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया, जबकि स्कूल की शिक्षिका कंवरदीप कौर को बेस्ट टीचर के तौर पर नवाजा गया। स्कूल के मेधावी छात्रों जैस्मीन कौर, इबादत कौर, सुखमनजीत कौर, एक ज्योत संदल, ताजबीर सिंह और मनवीर सिंह को भी मेरिट में अच्छे अंक लाने के लिए सम्मानित किया गया। स्कूल लौटने पर, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मंगल सिंह किशनपुरी और स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।