सीकर के लोगों को यदि अब पुलिस अधीक्षक के पास कोई शिकायत या सुझाव भेजना हो तो उन्हें एसपी ऑफिस नहीं जाना पड़ेगा। सीकर शहर में 4 पॉइंट पर सुझाव पेटिका एक सप्ताह में लगा दी जाएगी। इनमें लोग लेटर डालकर सुझाव या शिकायत एसपी तक पहुंचा सकेंगे। यह निर्णय सीकर के कोतवाली थाने में आयोजित जनसुनवाई में जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बुधवार को लिया। जनसुनवाई में सीओ सिटी संदीप चौधरी, शहर कोतवाल सुनील कुमार जांगिड़ भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में सीएलजी मेंबर्स और व्यापारी हुए शामिल
सीकर के कोतवाली पुलिस थाने में जनसुनवाई आयोजित हुई। इसमें सीएलजी मेंबर्स के अलावा सीकर शहर के व्यापारी एवं अन्य वर्गों के लोग मौजूद रहे। इसी दौरान सीकर के साबिर बिसायती ने सुझाव दिया कि कई बार लोगों के पास ऐसे सुझाव या शिकायत होती हैं, जिन्हें लोग एसपी तक देने में कतराते हैं। इसलिए शहर में सुझाव पेटिका लगाई जाए। इस पर एसपी प्रवीण नायक ने एक सप्ताह में शहर में सुझाव पेटिका लगाने की बात कही। एसपी प्रवीण नायक ने कहा- सुझाव पेटिका में कोई भी लेटर डालेगा तो उसे पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। केवल हमारे ऑफिस में मेरे द्वारा ही उस लेटर को देखकर जल्द एक्शन लिया जाएगा। मीटिंग में लोगों ने सिटी में वनवे करने, नए रूट डवलप करने, शहर में जगह-जगह दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण को हटाने, मोचीवाड़ा इलाके में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल तैनात करने जैसे सुझाव दिए। इस पर जल्द काम किया जाएगा। नशा करने वालों पर कार्रवाई, जताया आभार
मीटिंग में मौजूद लोगों ने सीकर में पुलिस द्वारा लगातार नशेड़ियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर पुलिस का आभार जताया। साथ ही कुछ लोगों ने कहा- मारूपार्क, चंदपुरा रोड सहित कई इलाके ऐसे हैं। जहां शाम के समय नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। इस पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक ने गश्त बढ़ाने की बात कही। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा
एसपी प्रवीण नायक ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वह ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। इससे यदि कोई घटनाक्रम होता है तो पुलिस को वारदात खोलने में सहायता मिलती है। मीटिंग में मौजूद लोगों ने सीकर में रहने वाले बंगाली मजदूर, कोचिंग स्टूडेंट्स का वेरिफिकेशन अभियान चलाने की बात कही। इस पर एसपी ने कहा कि इस पर प्रक्रिया जारी है। एसपी ने कहा कि सीकर में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चल रहे हैं। कई लोगों के पास 10 से 12 ई-रिक्शा हैं, लेकिन मालिक ने उन्हें किराए पर दिया हुआ है। ऐसे में उन्हें भी पाबंद किया जाएगा। ट्रैफिक प्रॉब्लम्स दूर करने को लेकर लगातार प्लानिंग की जा रही है।
