हनुमानगढ़. मंगला पशु बीमा योजना में इस बार किए गए बदलावों से ऊंट पालक काफी खुश नजर आ रहे हैं। अबकी दफा सरकार ने एक की बजाय दस ऊंटों का मुफ्त बीमा करवाने की सुविधा शुरू की है। इससे ऊंट पालन को बढ़ावा मिलने के आसार हैं।बीमा योजना के मुताबिक किसी कारण से ऊंट की मौत होने पर प्रति ऊंट चालीस हजार रुपए की सहायता राशि पशुपालकों को दी जाएगी। इस तरह किसी तरह किसी के पास यदि दस ऊंट हैं तो वह उसका एक साथ बीमा करवा सकता है।अगर इनमें सभी बीमित दस ऊंटों की मौत हो जाती है तो सरकार स्तर पर पशुपालक को कुल चार लाख रुपए की सहायता राशि मिल सकेगी। हनुमानगढ़ जिले में इस बार 8500 ऊंटों का बीमा करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इसी तरह 20200 गोवंश, 11200 भैंस, 10600 भेंड़, 3700 बकरी सहित कुल 54200 पशुओं का बीमा इस वर्ष करवाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसमें अब तक करीब 4600 पशुओं का बीमा हुआ है। अपने जन आधार कार्ड के माध्यम से पशुपालक बीमा करवा सकते हैं। नई व्यवस्था से इस बार पहले की तुलना में ‘रेगिस्तान के जहाज’ ज्यादा सुरक्षित हो सकेंगे।