अबोहर के नई आबादी और राजीव नगर क्षेत्रों में हाल ही में हुई बरसात के दौरान आसमानी बिजली गिरने से लगभग एक दर्जन घरों को भारी नुकसान हुआ है। इन प्रभावित परिवारों ने मंगलवार को एसडीएम से मुलाकात कर मुआवजे की मांग की। लगभग आठ परिवारों की महिलाओं ने एसडीएम को बताया कि भारी बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से नई आबादी की गली नंबर 21 में एक मकान में बड़ी दरारें आ गईं है, जिससे वह कभी भी गिर सकता है। इसके अलावा, राजीव नगर के करीब आधा दर्जन घरों में भी दरारें आने के साथ-साथ बिजली के उपकरण जल गए। पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा- एसडीएम
इसके बाद एसडीएम ने तुरंत संबंधित पटवारी को बुलाकर निर्देश दिए कि वे प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे करें। उन्होंने पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय में जमा करने को कहा, ताकि पंजाब सरकार को सूची भेजकर प्राकृतिक आपदा कोष से मुआवजा जारी करवाया जा सके। शीघ्र मुआवजा दिलवाने की मांग
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के हल्का इंचार्ज हरबिंदर सिंह हैरी संधू भी मौजूद थे। उन्होंने इन गरीब परिवारों के समर्थन में प्रशासनिक अधिकारी से शीघ्र मुआवजा दिलवाने की मांग की।