अबोहर के गांव झोरड़खेड़ा निवासी एक युवा किसान की धोखाधड़ी से आहत होने से जान चली गई। किसान की करोड़ों रुपये की जमीन चली गई। इससे वह डिप्रेशन में आ गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक अपने पीछे एक बच्चा छोड़ गए हैं। आरोप है कि पांच प्रॉपर्टी एडवाइजरों ने किसान की करोड़ों रुपये की जमीन बिकवा दी और लाखों रुपये का फ्रॉड किया, जिससे वह डिप्रेशन में आ गया था। इस मामले में थाना नंबर दो पुलिस ने पांच प्रॉपर्टी एडवाइजरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पत्नी का कहना है कि पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। धोखे से बिकवा दी पांच एकड़ जमीन मृतक रणजीत सिंह (35) पुत्र कीकर सिंह पिछले काफी समय से अबोहर के कैलाश नगर में रह रहे थे। उनकी पत्नी कुलदीप कौर ने बताया कि उनके पति के पास पांच एकड़ जमीन थी। पांच प्रॉपर्टी एडवाइजरों ने मिलकर रणजीत सिंह को बहला-फुसलाकर उनकी यह जमीन बिकवा दी। इसके बाद लाखों रुपए का फ्रॉड भी किया। तनाव में पीने लगा अधिक शराब जमीन बिकने के बाद रणजीत सिंह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगे। पत्नी का कहना है कि डिप्रेशन के चलते पति बहुत अधिक शराब पीने लगे। परसों उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया। वहां बुधवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आज दोपहर बाद उनके शव को अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पहले भी की थी कार्रवाई की मांग लेकिन नहीं हुई सुनवाई कुलदीप कौर के अनुसार, उन्होंने पहले पुलिस से प्रॉपर्टी एडवाइजरों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने भारतीय किसान यूनियन खोसा के पदाधिकारियों से संपर्क किया। किसान नेताओं ने पीडि़त को न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधिकारियों से मांग की है। किसान नेता बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किसान नेता जगजीत सिंह सोना संधू, पिंटू संधू, मनप्रीत संधू, जगराज सिंह व शमशेर भुल्लर ने पीडि़त कुलदीप कौर के साथ अबोहर की थाना नंबर 2 पुलिस से मिलकर आरोपियों पर कड़ी कारवाई की मांग की। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि सभी नामजद लोगों को एक सप्ताह के भीतर काबू किया जाए, वरना वे संघर्ष करने को मजबूर होंगे। पुलिस बोली- जल्द आरोपी होंगे गिरफ्तार पुलिस ने काला टिब्बा निवासी बलविंदर सिंह व राजवंत सिंह दोनों पुत्र जोगिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह निवासी रिधि सिधि कालोनी, काला बराड़ निवासी मुक्तसर व शमशेर सिंह निवासी गुर कृपा कालोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) , 108 (1), 61 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना नंबर दो के प्रभारी दविन्द्र सिंह ने कहा कि यह मामला एसपी व डीएसपी के ध्यान में भी लाया गया है, शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
