अबोहर के सीतो रोड बाईपास के पास मंगलवार दोपहर एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। यह घटना उस समय हुई जब अंबाला इंटरसिटी ट्रेन सीतो रोड के पास पोल नंबर 7-1 से गुजर रही थी। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जीआरपी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 42 से 43 वर्ष के बीच है और उसने हरे रंग का सूट पहन रखा था। हादसे के कारण हजूर साहिब जाने वाली एक ट्रेन भी करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर रुकी रही। जीआरपी द्वारा शव को पटरियों से हटाने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना किया जा सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
