अबोहर के गांव मलूकपुर में रविवार को एक 11 वर्षीय बच्ची चूल्हे की आग से गंभीर रूप से झुलस गई। यह घटना दोपहर के समय हुई जब बच्ची घर में अकेली चाय बना रही थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए फरीदकोट रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, किरनजीत कौर (पुत्री गुरलाल) के परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। किरनजीत घर पर अकेली थी और दोपहर में चूल्हे पर चाय बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली आग की लपटों ने उसकी फ्रॉक को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैली और बच्ची गले से लेकर पैरों तक झुलस गई। किरनजीत ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेल रहे बच्चे मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद मोहल्ले के अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाया और बच्ची के परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची लगभग 40 से 45 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी, जिसके कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है।