अबोहर की थाना नंबर वन पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 बोतलें अवैध शराब बरामद की हैं। यह महिला अपने पति के साथ मिलकर अवैध रूप से शराब बेचने का काम करती थी। जानकारी के अनुसार, एएसआई भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल रजनी अपनी पुलिस टीम के साथ कल शाम सीडफार्म पक्का टी प्वाइंट पर मौजूद थीं। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि सराभा नगर निवासी सीमा रानी पत्नी सुलनात सिंह अपने घर में अवैध शराब बेचती है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दी दबिश सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घर के पास एक खाली प्लॉट में दबिश दी, जहां सीमा रानी को 50 बोतलें अवैध शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला सीमा रानी पहले अपने पति के साथ ‘प्रेगा’ बेचने का काम करती थी। उसका पति भी कुछ समय पहले शराब तस्करी में शामिल था और उसके खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। सीमा रानी भी कुछ महीने पहले प्रीगाबालिन कैप्सूलों के एक डिब्बे के साथ पकड़ी गई थी और उस पर भी पहले एक मामला दर्ज है। इन मामलों के बाद, महिला अपने पति के साथ अवैध शराब बेचने के धंधे में जुट गई थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह 100 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से शराब बेचती थी। शराबी लोग सीधे उसके घर आकर शराब खरीदते थे। गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस उससे इस अवैध कारोबार से जुड़े होने की अवधि और अन्य जानकारी के संबंध में गहन पूछताछ करेगी।