अबोहर बस अड्डे से चोरी हुई एक निजी बस को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। राजस्थान नंबर की यह बस शनिवार अल सुबह चोरी हुई थी और रविवार सुबह मलोट के पास एक बंद पड़ी शुगर मिल के बाहर सही सलामत हालत में मिली। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना नंबर 1 के प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि बस चोरी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख गुरमीत सिंह के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने बस ठेकेदारों से संपर्क कर वाहन की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी हुई अग्रवाल कंपनी की बस मलोट इलाके में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी के अनुसार बस का सारा सामान सुरक्षित मिला है और वाहन को कोई नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। उधर, बस स्टैंड पर खड़ी बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम के मेयर विमल ठठई ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अड्डा फीस वसूली ठेके पर दी गई है और ठेकेदार को रात में ठहरने वाली बसों के लिए चौकीदार आदि की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।