अबोहर की अनाज मंडी में बीती रात और आज सुबह हुई बारिश के कारण किसानों की सैकड़ों क्विंटल धान की फसल भीग गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने इस बदइंतजामी के लिए मंडी के आढ़तियों और मार्केट कमेटी अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के अनुसार, मंडी में धान खरीद का मुहूर्त कुछ दिन पहले ही पूर्व और मौजूदा विधायकों द्वारा किया गया था, जिसमें किसानों को किसी भी परेशानी से बचाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते किसानों की धान की फसल बारिश में भीग गई। मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर ने जिम्मेदार आढ़तियों पर कार्रवाई करने की बात कही है। किसान नेता बोले- मंडी के हालात खराब किसान नेता सुखजिंदर राजन ने बताया कि मंडी में हालात बेहद खराब हैं। पहले किसानों का धान बिक नहीं रहा था, और जब वे अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचे, तो बारिश से बचाने के लिए आढ़तियों द्वारा तिरपालों का पूरा इंतजाम नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने तीन दिन पहले ही बारिश की चेतावनी दी थी, फिर भी अधिकतर धान खुले में पड़ा रहा और भीग गया। राजन ने आगे कहा कि यदि इसमें आढ़तियों की लापरवाही है, तो मार्केट कमेटी के अधिकारी भी उतने ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अधिकारियों ने पहले तिरपालों की उपलब्धता की जांच क्यों नहीं की। उन्होंने मांग की कि जिन आढ़तियों की लापरवाही के कारण किसानों को नुकसान हुआ है, उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं। बारिश के चलते खराब हुई धान की PHOTOS… किसान नेता ने यह भी बताया कि मार्केट कमेटी अधिकारियों की लापरवाही के कारण मंडी के शेडों में ट्रक और अन्य वाहन खड़े रहते हैं। इस वजह से किसानों के पास शेडों के नीचे धान रखने की जगह नहीं बचती और वे अपनी फसल खुले आसमान के नीचे रखने को मजबूर होते हैं।
