बाड़मेर कांग्रेस के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा आज बाड़मेर पहुंचे। इनके साथ में बालोतरा जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, जैसलमेर जिलाध्यक्ष अमरदीन भी साथ में आए। बीच रास्ते में जगह-जगह इनका समर्थकों ने स्वागत किया। इस मौके पर लक्ष्मणसिंह गोदारा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा- जब अपने पक्ष का जिलाध्यक्ष नहीं बनता है तो उनके समर्थकों में दुख होता है। ऐसे ही कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर किया है। मैं उनके पास जाऊंगा और उनसे बात करूंगा। कांग्रेस में कोई बिखराव नहीं है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा ने कहा कि मुझे जिलाध्यक्ष नहीं, एक जिम्मेदारी दी है। जो कांग्रेस ने मुझ पर विश्वास किया उसे निभाने का प्रयास करूंगा। कांग्रेस के अंदर कोई गुट नहीं है। कांग्रेस एक है। जो कांग्रेसी है, वो अभी कांग्रेस के साथ है। जो कांग्रेसी नहीं है, वह व्यक्ति विशेष अपना कुछ कर रहे होंगे। बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर कांग्रेस एक है। तीनों जिलाध्यक्ष एक साथ में है। एक युवा होने के नाते हमें जिलाध्यक्ष बनाया है। हर बूथ पर जाएंगे। कांग्रेस को मजबूत करेंगे। जो दुखी, उनसे जाकर मिलूंगा, बात करूंगा
अल्पसंख्यक से जिलाध्यक्ष पद छीन जाने के सवाल पर गोदारा ने कहा कि यह एक प्रक्रिया थी। इसके अंदर कईयों ने फॉर्म भरें। जिसने फॉर्म भरे तो उसमें से किसी ने ऐसी बात नहीं रखी है। जरूर जो अपने पक्ष का नहीं बनता है, उनको दुख होता है। उन्होंने अपना दुख जाहिर किया। मैं उनके पास जाऊंगा। उनसे बात करूंगा। गृह जिला बाड़मेर न होकर बालोतरा लग रहा है, इस सवाल के जवाब में लक्ष्मणसिंह ने कहा- मेरा घर बाड़मेर में है। जहां से मैंने जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ा था। उसकी विधानसभा बायतु लगती है। लेकिन जिला बाड़मेर लगता है। मैं सालों से यहीं रहता हूं। बचपन से भी यही पर हूं। उन्होंने कहा- आने वाले समय में पंचायती राज चुनाव है, उन चुनावों को देखते हुए हर बूथ पर जाऊंगा और कांग्रेस को मजबूत करूंगा। कांग्रेस के अंदर कोई बिखराव नहीं है।