कोटा मे जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक सोमवार को जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल की अध्यक्षता में हुई। करीब 4 घंटे चली बैठक मे लाडपुरा से बीजेपी विधायक कल्पना देवी ने आमजन से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। विधायक, सड़क व पुलिया निर्माण पर PWD अधिकारी के जवाब से संतुष्ट नहीं हुई। उन्होंने कहा कि-आप क्या चाहते है हम लोग गेंती फावड़ा लेकर सड़क बनाने जाएं क्या! दरअसल विधायक कल्पना देवी ने उनके विधानसभा क्षेत्र के खेड़ारामपुर में बनने वाली पुलिया और कैथून में नहर के ऊपर बनी पुलियाओं की सपोर्ट में दीवारें बनाने के मामलो को उठाया था। जिसपर PWD अधिकारी ने गोलमोल जवाब देते हुए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार बताया। अधिकारी का जवाब सुनकर विधायक भड़क गई और उन्होंने कहा, ये क्या जवाब हुआ कि काम किसी दूसरे के वक्त हुआ, काम नहीं करना था मत करो, आप क्या चाहते हो, हम लोग गेंती फावड़ा लेकर सड़क बनाने जाए! क्षेत्र में किसानों के बिजली तार व ट्रांसफार्मर चोरी का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा एक ही क्षेत्र में बार-बार चोरियां हो रही है। चोर पकड़े नहीं जा रहे हैं। बिजली विभाग वाले कह रहे हैं हम क्या करें। पुलिस वाले चोर पकड़ नहीं रहे। बिजली विभाग व पुलिस विभाग में समन्वय नहीं है। इस कारण क्षेत्र के किसान परेशान व दुखी हो रहे हैं। किसान कैसे काम करेगा। उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। बैठक दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चली। बैठक में कलेक्टर पीयूष समारिया भी शामिल हुए। बैठक में उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर,सांगोद प्रधान जयवीर सिंह, जिला परिषद सदस्य योगेन्द्र नंदवाना सहित अन्य प्रतिनिधियों ने पानी, सड़क, बिजली, शिक्षा, मेडिकल, स्वच्छता से संबंधित समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। बैठक में पंचायती राज जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
