अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में डेहरा टोल टैक्स के पास शुक्रवार देर शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की दो साल पहले शादी हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है। युवक की पहचान उसकी जेब से मिले मोबाइल के आधार पर हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवारजन अस्पताल पहुंचे। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। टोल टैक्स के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
विजय मंदिर थाना हेड कांस्टेबल अमृतलाल के अनुसार मृतक की पहचान नरेंद्र (25) पिता सूरजभान जाटव निवासी सोडा की ढाणी खानपुर के रूप में हुई। वह मकानों में टाइल्स लगाने का काम करता था। रोज की तरह देर शाम काम से घर के लिए लौट रहा था। टोल टैक्स के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नरेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का पोस्टमॉर्टम शनिवार सुबह कराया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है।