अजमेर में मेडिकल स्टोर में दवाई लेने आए एक युवक ने कर्मचारी पर हमला कर दिया। दुकान के सामने खड़ी बाइक को साइड में कहने पर युवक काउंटर पर रखी कैंची उठाकर दुकान मालिक और कर्मचारी को मारने के लिए दौड़ा। दोनों जान बचाने के लिए दुकान के अंदर एक कमरे में बंद हो गए। वैशाली नगर स्थित माकड़वाली रोड पर बुधवार को शाम करीब 7 बजे यह वारदात सेफ लाइफ मेडिकल शॉप में हुई। युवक ने पहले कैंची लेकर कर्मचारी उत्कर्ष पर हमला किया। इसके बाद मालिक विनय गौड़ और कर्मचारी उत्कर्ष का भी पीछा किया। दोनों ने किसी तरह दुकान के अंदर पहुंचकर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद करीब दो घंटे तक वे कमरे में ही बंद रहे और बाहर युवक कैंची लेकर घूमता रहा। इस दौरान युवक कमरे का गेट तोड़ने की कोशिश करता रहा। पूरा घटनाक्रम मेडिकल स्टोर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। युवक ने ASI राजाराम पर भी कैंची से हमला करने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस फोर्स ने दुकान के अंदर पेपर स्प्रे किया। इसके असर से युवक बाहर आया और पुलिस ने उसे काबू कर थाने पहुंचाया। बाद में परिजनों के लिखित शिकायत देने पर युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। पहले देखें घटना की PHOTOS गाड़ी साइड करने को कहा तो कर्मचारी पर किया हमला घटना सेफ लाइफ मेडिकल शॉप की है। युवक अपने माता-पिता के साथ यहां दवाई लेने आया था। दवाई लेने के बाद मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले कर्मचारी उत्कर्ष ने युवक से गाड़ी साइड करने के लिए कहा। युवक ने गाड़ी साइड की और वापस दुकान के बाहर आकर पिता से बातचीत करने लगा। इसी दौरान अचानक युवक ने उत्कर्ष पर हमला कर दिया। दुकान मालिक, कर्मचारी सहित अपने पिता पर भी किया हमला हमले के बाद दुकान मालिक विनय गौड़ बाहर आए और युवक को रोकने की कोशिश की। कुछ देर बाद युवक दोबारा दुकान की तरफ आया और काउंटर पर रखी कैंची उठा ली और मालिक विनय और कर्मचारी उत्कर्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक लगातार कमरे का गेट तोड़ने का प्रयास करता रहा। इस दौरान उसके माता-पिता भी उसे समझाने और रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच उसने अपने पिता पर भी कैंची से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ पर चोट आई। पुलिस पहुंची तो ASI पर भी कैंची से हमला करने की कोशिश घटना की सूचना मिलने पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दुकान के बाहर चैनल गेट से युवक को समझाया और कैंची छोड़कर बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद थाने से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी बुलाया गया। समझाइश के दौरान युवक ने ASI राजाराम पर भी कैंची से हमला करने की कोशिश की। राजाराम ने पीछे हटकर खुद को बचाया। पुलिस लगातार युवक को समझाती रही, लेकिन वह कैंची छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। दुकान के अंदर पेपर स्प्रे किया, हाथ ऊपर कर बाहर आया करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस फोर्स ने दुकान के अंदर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया। पेपर स्प्रे के असर से युवक की आंखों में जलन होने लगी। इसके बाद वह हाथ ऊपर कर बाहर आया। पुलिस ने तुरंत उसे अपने कब्जे में लिया और थाने ले गई। परिजन बोले- युवक का इलाज चल रहा ASI राजाराम ने बताया- युवक रामगंज क्षेत्र का रहने वाला है। उसके माता-पिता उसे मेडिकल स्टोर के पास डॉक्टर को दिखाने के लिए लेकर आए थे। परिजनों ने बताया- युवक का इलाज चल रहा है और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस के अनुसार- युवक को रेस्क्यू कर थाने लाया गया। परिवार ने लिखित में दिया कि युवक का इलाज चल रहा है। इसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।