अजमेर जिला स्पेशल टीम ने एक आरोपी को देशी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया। कार्रवाई सीओ मनीष बड़गुर्जर के निर्देशन में की गई। सीओ मनीष बड़गुर्जर ने बताया- स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि रामगंज थाना क्षेत्र में एक आरोपी अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर थाना अधिकारी अनिल गुजराल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सोमलपुर निवासी अनवर खान (26) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया- उसने यह हथियार कुछ दिन पहले करीब 15 हजार रुपए में खरीदा था। अवैध हथियार सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार किससे खरीदा और वह किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं उससे पूछताछ की जा रही है। अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी पुलिस जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना रामगंज पुलिस और जिला स्पेशल टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
