अपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर की ओर से आयोजित तृतीय डॉ. एस.एम. जूनीवाल रांका इंटरनेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस अनूप कुमार दंड, जस्टिस अनिल कुमार उपमन और अपेक्स यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन डॉ. रवि जूनीवाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। राजस्थान हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस जे.के. रांका विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीतापुरा स्थित अपेक्स कैंपस में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के विधि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों की 53 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में देश-विदेश के लॉ एक्सपर्ट्स और प्रख्यात न्यायविदों ने हिस्सा लेते हुए कानूनी पेशे की वर्तमान स्थिति और छात्रों के भविष्य निर्माण पर विस्तृत विमर्श किया। विजेता टीमें और पुरस्कार अंतिम राउंड में प्रतिभागियों की दलीलें सुनने के लिए पूर्व जस्टिस पंकज भंडारी, प्रशांत अग्रवाल, पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. कमल दत्ता, चंद्रकांता गुप्ता, प्रो. (डॉ.) पी.पी. मित्रा और प्रो. (डॉ.) आराधना परमार निर्णायक मंडल में शामिल रहे। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 19 व 19(2), भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों पर प्रतिभागियों से गहन प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जस्टिस अनूप दंड ने कहा कि वह जीवन ही क्या जिसमें संघर्ष न हो। जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से गरीब एवं जरूरतमंदों की सहायता करने का आग्रह करते हुए कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है।जस्टिस दंड ने मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि मेहनत से ही तकदीर बदलती है। जस्टिस अनिल कुमार उपमन ने विद्यार्थियों को जीवन में तीन सिद्धांत अपनाने की प्रेरणा दी, उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, समर्पण और बिना शॉर्टकट के मेहनत को खास बताया। उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाने वाला विद्यार्थी जीवन में अवश्य सफल होता है। अपेक्स यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन डॉ. रवि जूनीवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के दौरान मिला अनुभव उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में यही छात्र देश के श्रेष्ठ न्यायाधीश, वकील और विधि विशेषज्ञ के रूप में उभरेंगे। समारोह में अपेक्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. सोमदेव सतांशु और रजिस्ट्रार डॉ. पंकज कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। अपेक्स स्कूल ऑफ लॉ की एचओडी डॉ. मोनिका मिश्रा ने प्रतियोगिता की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और निर्णायकों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।
