हरियाणा के अंबाला से नशे के इंजेक्शन लाकर चंडीगढ़ में सप्लाई करने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 15 इंजेक्शन फेनिरामाइन मेलिएट और 15 इंजेक्शन बुप्रेनोर्फिन हाइड्रोक्लोराइड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामदरबार निवासी अजय कुमार उर्फ संजय के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी टैक्सी ड्राइवर है और उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। आरोपी बोला- अंबाला से खरीदकर लाया था पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अंबाला से नशे के इंजेक्शन खरीद कर लाता था। अंबाला से लाकर आरोपी चंडीगढ़ में कहां-कहां इन्हें सप्लाई करता था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी चंडीगढ़ के क्लबों में तो इसकी सप्लाई नहीं करता था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। जल्द ही पुलिस आरोपी को लेकर अंबाला में रेड करेगी, जहां से वह इंजेक्शन खरीद कर लाता था। पार्क में बैठकर बेचने की फिराक में था थाना 31 पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे एएसआई पवन कुमार पुलिस पार्टी के साथ हल्लोमाजरा एरिया में गश्त पर थे। जब वे कैक्टस पार्क फेज-2 रामदरबार के पास पहुंचे, तो एक युवक को पार्क में बैठे देखा। पुलिस टीम को देखते ही वह युवक तेजी से उठकर बैग लेकर भागने की कोशिश करने लगा। जिसके बाद पुलिस ने कुछ दूरी पर जाकर उसे दबोच लिया और जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 30 नशे के इंजेक्शन बरामद हुए।
